सूरजपुर में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध यात्री परिवहन करती दो जीप जब्त, बसों पर भी लगा जुर्माना
सूरजपुर में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध यात्री परिवहन करती दो जीप जब्त, बसों पर भी लगा जुर्माना
हाईटेक बस स्टैंड, नेशनल हाईवे और बिश्रामपुर क्षेत्र में चला सघन चेकिंग अभियान, 13 बसों की हुई जांच; प्रदूषण प्रमाण पत्र नहीं मिलने पर बस से 800 और भूसा ढोने वाले वाहन से 2,000 रुपये वसूले
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में परिवहन और यातायात विभाग ने नियमों का उल्लंघन कर सड़कों पर चल रहे वाहनों के खिलाफ संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया। हाईटेक बस स्टैंड, नेशनल हाईवे और बिश्रामपुर क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई के दौरान बसों सहित अन्य वाहनों की जांच की गई। अभियान में कुल 13 बसों की जांच हुई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वाहनों से शमन शुल्क वसूला गया, जबकि निजी श्रेणी में पंजीकृत होकर यात्रियों का परिवहन कर रही दो जीपों को जब्त कर लिया गया।
जांच के दौरान एक बस में प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र नहीं पाया गया। इस पर संबंधित वाहन से 800 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। वहीं, भूसा ढोते पाए गए एक अन्य वाहन पर कार्रवाई करते हुए 2,000 रुपये का शमन शुल्क लगाया गया।
निजी वाहन से यात्रियों को ढोने पर दो जीप जब्त
अभियान के दौरान विभागीय टीम को दो जीप और कमांडर वाहन निजी श्रेणी में पंजीकृत होने के बावजूद यात्रियों का परिवहन करते मिले। नियमों के उल्लंघन पर दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया। जब्त वाहनों को आगे की कार्रवाई के लिए बिश्रामपुर थाने में खड़ा कराया गया है।
परिवहन और यातायात विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य वाहन चालकों को यातायात और परिवहन नियमों का पालन कराने के साथ अनियमित रूप से संचालित वाहनों पर रोक लगाना है।

