जहां राहुल गांधी ने किया था कांग्रेस का कार्यक्रम, अब वहीं ‘मन की बात’ सुनेंगी स्मृति ईरानी! छत्तीसगढ़ BJP के दौरे पर नजरें

जहां राहुल गांधी ने किया था कांग्रेस का कार्यक्रम, अब वहीं ‘मन की बात’ सुनेंगी स्मृति ईरानी! छत्तीसगढ़ BJP के दौरे पर नजरें

जहां राहुल गांधी ने किया था कांग्रेस का कार्यक्रम, अब वहीं ‘मन की बात’ सुनेंगी स्मृति ईरानी! छत्तीसगढ़ BJP के दौरे पर नजरें

Raipur News: छत्तीसगढ़ में भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के दो दिवसीय दौरे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। स्मृति ईरानी और प्रदेश सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू 25 और 26 अक्टूबर को रायपुर प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे भाजपा संगठन के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के साथ बैठकें करेंगे। दौरे का खास आकर्षण अभनपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के साथ उनकी सहभागिता होगी।

इस कार्यक्रम को लेकर इसलिए भी चर्चा है, क्योंकि इससे पहले जून में कांग्रेस नेता राहुल गांधी अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए थे। अब उसी स्थान पर स्मृति ईरानी भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ सुनेंगी।

25 अक्टूबर को अभनपुर से शुरू होगा दौरा

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, स्मृति ईरानी 25 अक्टूबर को सुबह रायपुर पहुंचेंगी। इसके बाद सुबह 11 बजे से 11:30 बजे तक अभनपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनेंगी।

इसके बाद वे भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संगठनात्मक बैठकों में शामिल होंगी। पहले दिन प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन और प्रदेश महामंत्रियों के साथ चर्चा होगी। साथ ही प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों एवं सह प्रभारियों, जिला प्रभारियों एवं सह प्रभारियों और जिला अध्यक्षों की बैठक भी आयोजित की जाएगी।

दौरे के पहले दिन पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों और पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक के अलावा भाजपा कोर ग्रुप की बैठक भी प्रस्तावित है।

26 अक्टूबर को विधायक, सांसद और मंत्रियों के साथ बैठक

स्मृति ईरानी के प्रवास के दूसरे दिन यानी 26 अक्टूबर को पार्टी के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और सरकार से जुड़े पदाधिकारियों के साथ चर्चा होगी। कार्यक्रम के अनुसार, विधायक, सांसद और मंत्रियों के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएंगी।

इसके बाद निगम-मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के साथ बैठक होगी। दौरे के दौरान विचार परिवार के प्रतिनिधियों के साथ भी चर्चा का कार्यक्रम निर्धारित है।

संगठन की रणनीति और आगामी कार्यक्रमों पर मंथन

स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू के इस दौरे में भाजपा संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक कार्ययोजना पर चर्चा होने की संभावना है। लगातार बैठकों के जरिए प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक संगठन के कामकाज की समीक्षा की जाएगी।

दो दिवसीय प्रवास के दौरान दोनों नेताओं के ठहरने की व्यवस्था रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में की गई है। अब सबकी नजरें इस दौरे पर रहेंगी कि बैठकों में संगठन को लेकर किन मुद्दों पर चर्चा होती है और आगामी कार्यक्रमों के लिए क्या दिशा तय की जाती है।