PNB ग्राहकों के लिए बड़ा अलर्ट! 10 नवंबर के बाद बंद हो सकते हैं हजारों बैंक खाते, कहीं आपका पुराना अकाउंट भी तो नहीं इस लिस्ट में? समय रहते नहीं किया ये काम तो हो सकती है परेशानी
PNB ग्राहकों के लिए बड़ा अलर्ट! 10 नवंबर के बाद बंद हो सकते हैं हजारों बैंक खाते, कहीं आपका पुराना अकाउंट भी तो नहीं इस लिस्ट में? समय रहते नहीं किया ये काम तो हो सकती है परेशानी
अगर आपका पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में सेविंग अकाउंट है और आपने लंबे समय से उसे इस्तेमाल नहीं किया है, तो अब सावधान हो जाइए। हो सकता है कि आपका पुराना बैंक खाता भी बंद होने की प्रक्रिया के दायरे में आ जाए। दरअसल, पीएनबी ने ऐसे ग्राहकों के लिए अलर्ट जारी किया है, जिनके खाते लंबे समय से इस्तेमाल नहीं हो रहे हैं और उनमें कोई बैलेंस भी नहीं बचा है।
बैंक के 26 अक्टूबर को जारी नोटिस के मुताबिक, कुछ खास शर्तों को पूरा करने वाले खातों को 10 नवंबर 2026 के बाद बंद किया जा सकता है। ऐसे में ग्राहकों के पास अपने खाते की स्थिति जांचने और जरूरी दस्तावेज जमा करने का समय है। हालांकि, घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यह नियम पीएनबी के सभी खातों पर लागू नहीं होगा। बैंक ने केवल उन खातों को इसके दायरे में रखा है, जो निर्धारित शर्तों को पूरा करते हैं।
किन ग्राहकों के बैंक खाते हो सकते हैं बंद?
पीएनबी के 26 अक्टूबर को जारी नोटिस के मुताबिक, बैंक ऐसे खातों को बंद करने की प्रक्रिया शुरू करेगा, जिनमें 30 सितंबर 2026 तक लगातार तीन साल से कोई ग्राहक आधारित ट्रांजैक्शन नहीं हुआ है और खाते में बैलेंस भी जीरो है।
यानी अगर आपने 30 सितंबर 2023 से पहले अपने बैंक खाते में कोई ट्रांजैक्शन नहीं किया है और उसमें कोई पैसा भी नहीं है, तो आपका खाता इस दायरे में आ सकता है। उदाहरण के तौर पर अगर आपने नौकरी बदलने के बाद अपना पुराना सैलरी अकाउंट इस्तेमाल करना बंद कर दिया और उसमें कोई पैसा भी नहीं बचा है, तो आपको अपना अकाउंट जरूर चेक करना चाहिए।
बैंक का कहना है कि लंबे समय से इस्तेमाल नहीं होने वाले खातों का गलत इस्तेमाल होने का खतरा रहता है। ऐसे खातों को बंद करने का मकसद धोखाधड़ी और सुरक्षा से जुड़े जोखिमों को कम करना है।
10 नवंबर से पहले क्या करना होगा?
अगर आपका खाता भी इन शर्तों के दायरे में आता है और आप उसे चालू रखना चाहते हैं, तो 10 नवंबर 2026 से पहले जरूरी प्रक्रिया पूरी कर लें।
इसके लिए सबसे पहले अपनी बैंक शाखा में जाकर खाते को दोबारा चालू करने के लिए आवेदन देना होगा। इसके साथ आधार कार्ड, पासपोर्ट, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे वैध पहचान और पते के दस्तावेज जमा करने होंगे। जरूरत पड़ने पर पैन कार्ड या फॉर्म 60 भी देना पड़ सकता है।
इसके बाद बैंक की ओर से आपके दस्तावेजों और KYC की जांच की जाएगी। सत्यापन पूरा होने के बाद खाते को दोबारा चालू किया जा सकता है।
खास बात यह है कि रीएक्टिवेशन के लिए ग्राहक अपने होम ब्रांच के अलावा पीएनबी की दूसरी शाखा में भी आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, इसके लिए बैंक के निर्धारित सत्यापन नियमों का पालन करना जरूरी होगा।
कब निष्क्रिय हो जाता है बैंक खाता?
कई ग्राहकों को यह जानकारी नहीं होती कि बैंक खाते का इस्तेमाल नहीं करने पर वह कब निष्क्रिय हो जाता है। पीएनबी के नियमों के मुताबिक, अगर सेविंग या करंट अकाउंट में लगातार 24 महीने यानी दो साल तक ग्राहक की ओर से कोई ट्रांजैक्शन नहीं किया जाता है, तो उसे इनऑपरेटिव यानी निष्क्रिय खाता माना जाता है।
इसमें पैसे जमा करना, निकालना और अन्य ग्राहक आधारित गतिविधियां शामिल होती हैं। हालांकि, दो साल तक ट्रांजैक्शन नहीं होने का मतलब यह नहीं है कि बैंक खाता अपने आप बंद हो जाएगा।
यहां एक जरूरी अंतर समझना होगा। दो साल तक इस्तेमाल नहीं होने पर खाता इनऑपरेटिव हो सकता है, जबकि 10 नवंबर वाला नोटिस तीन साल से अधिक समय से ग्राहक आधारित ट्रांजैक्शन नहीं होने और जीरो बैलेंस वाली विशेष श्रेणी के खातों से संबंधित है।
बैंक से कैसे पता करें कि आपका खाता खतरे में है या नहीं?
अगर आपको याद नहीं है कि आपने अपने पीएनबी खाते में आखिरी बार कब ट्रांजैक्शन किया था या आपका अकाउंट इस सूची में शामिल है या नहीं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है।
आप अपनी नजदीकी पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में जाकर खाते की स्थिति की जानकारी ले सकते हैं। इसके अलावा बैंक के टोल फ्री नंबर 1800-1800 और 1800-2021 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
अगर आपके पास एक से ज्यादा बैंक खाते हैं, तो पुराने सैलरी अकाउंट और लंबे समय से इस्तेमाल नहीं किए जा रहे खातों का स्टेटस जरूर चेक करें। समय रहते KYC और रीएक्टिवेशन की प्रक्रिया पूरी करने से आपका बैंक खाता बंद होने से बच सकता है।

