पुलिस कर रही तलाश, गुजरात में गुजराती थाली का लुत्फ उठा रहे अमित जोगी! फरार होने की खबरों पर पार्टी ने दिया बड़ा बयान
पुलिस कर रही तलाश, गुजरात में गुजराती थाली का लुत्फ उठा रहे अमित जोगी! फरार होने की खबरों पर पार्टी ने दिया बड़ा बयान
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में इन दिनों ‘ज्ञानु और जानू’ वीडियो को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के नेता अमित जोगी इस मामले में पुलिस की पूछताछ के दायरे में हैं। एक तरफ रायपुर पुलिस उनसे पूछताछ के लिए तलाश कर रही है, वहीं दूसरी तरफ अमित जोगी गुजरात के सूरत शहर में गुजराती थाली का आनंद लेते हुए सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर रहे हैं। उनकी इन तस्वीरों के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
कथित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भाजपा नेताओं ने अमित जोगी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर रायपुर की सिविल लाइंस पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 352, 353(2), 356(2) और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस इस मामले में अमित जोगी से पूछताछ करना चाहती है। इसके लिए जोगी निवास के बाहर नोटिस भी चस्पा किया गया है, ताकि उन्हें पूछताछ में शामिल होने के लिए सूचित किया जा सके। हालांकि, अमित जोगी के रायपुर में मौजूद नहीं होने के कारण उनके फरार होने की खबरें सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में फैलने लगीं।
माफी मांगकर पोस्ट हटाया, लेकिन विवाद नहीं थमा
वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने माफी मांगी थी और अपना पोस्ट भी हटा दिया था। हालांकि, तब तक मामला पुलिस तक पहुंच चुका था। भाजपा नेताओं की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी और अब इस मामले में अमित जोगी का पक्ष जानने के लिए उनसे पूछताछ करना चाहती है।
इसी बीच गुजरात के सूरत से अमित जोगी की तस्वीरें सामने आने के बाद उनके रायपुर से बाहर होने को लेकर चर्चाएं और तेज हो गईं। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरों को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
पार्टी ने कहा- फरार होने की खबरें भ्रामक
अमित जोगी के फरार होने की खबरों पर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने सफाई दी है। पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री निलेश चौहान ने बयान जारी कर इन खबरों को भ्रामक बताया है।
निलेश चौहान के मुताबिक, अमित जोगी का 2 नवंबर से 8 नवंबर तक निजी कार्यक्रम के तहत प्रदेश से बाहर रहने का दौरा पहले से निर्धारित था। उन्होंने इस संबंध में संबंधित थाने के प्रभारियों को ईमेल के माध्यम से अपनी स्थिति की जानकारी दे दी है। पार्टी का कहना है कि अमित जोगी ने 9 नवंबर को थाने में उपस्थित होने की बात भी स्पष्ट रूप से कही है।
अब 9 नवंबर को पुलिस के सामने होंगे अमित जोगी?
पार्टी के बयान के बाद अब सबकी नजर 9 नवंबर पर है। जनता कांग्रेस का दावा है कि अमित जोगी तय कार्यक्रम के अनुसार 9 नवंबर को थाने में उपस्थित होंगे। वहीं, पुलिस इस मामले में जांच आगे बढ़ा रही है और उनसे पूछताछ करना चाहती है। अब देखना होगा कि अमित जोगी तय तारीख पर पुलिस के सामने पेश होते हैं या नहीं और इस विवाद में आगे क्या कार्रवाई होती है।

